जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, 14 वर्ष की उम्र से सभी बालिकाओं को टीका लेने की अपील
सदर अस्पताल परिसर में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है तथा 14 वर्ष की आयु से सभी बालिकाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है। यह भारत सरकार द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम करना है

जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, 14 वर्ष की उम्र से सभी बालिकाओं को टीका लेने की अपील

जमशेदपुर- सदर अस्पताल परिसर में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है तथा 14 वर्ष की आयु से सभी बालिकाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है। यह भारत सरकार द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम करना है

जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा ने अभिभावकों से अपील की कि वे बिना किसी भय के अपनी बच्चियों का टीकाकरण कराएं, क्योंकि यह पूर्णतः सुरक्षित एवं प्रभावी है। डॉ. मिताली घोष ने जानकारी दी कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने में अत्यंत कारगर है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होकर अपनी 14 वर्ष आयु की बालिकाओं का टीकाकरण अवश्य कराना चाहिए, ताकि भविष्य में गंभीर बीमारियों से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके
डॉ. मृत्युंजय धाउड़िआ ने बताया कि एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वाइकल कैंसर की जांच भी की जाती है। उन्होंने सलाह दी कि टीकाकरण के पश्चात 20-30 मिनट तक लाभार्थियों को विश्राम करना चाहिए, जिससे संभावित हल्के दुष्प्रभाव जैसे सिरदर्द, चक्कर या मितली की स्थिति में तुरंत देखभाल की जा सके। साथ ही, टीकाकरण के दिन भारी शारीरिक गतिविधियों से बचने की भी सलाह दी गई। उन्होंने यह भी बताया कि यह वैक्सीन 90 प्रतिशत से अधिक मामलों में सर्वाइकल कैंसर एवं एचपीवी से संबंधित अन्य कैंसर की रोकथाम में प्रभावी है।
कार्यक्रम के दौरान तीन बालिकाओं को एचपीवी टीका प्रदान किया गया तथा उन्हें टीकाकरण प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर डॉ. राजीव लोचन महतो, हकीम प्रधान सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।




