Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी
Uncategorized

लगातार खांसीः तपेदिक (टीबी) का एक प्रारंभिक संकेत

डॉ. जगदीश लोहिया, कंसल्टेंट पल्मोनोलॉजी और चेस्ट् मेडिसिन, ब्रह्मानंद नारायणा अस्पताल जमशेदपुर

लगातार खांसीः तपेदिक (टीबी) का एक प्रारंभिक संकेत

डॉ. जगदीश लोहिया, कंसल्टेंट पल्मोनोलॉजी और चेस्ट् मेडिसिन, ब्रह्मानंद नारायणा अस्पताल, जमशेदपुर

विश्व तपेदिक दिवस से पहले यह याद दिलाना जरूरी है कि दो हफ्तों से अधिक समय तक रहने वाली खांसी को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कई लोग इसे मौसम में बदलाव, प्रदूषण या सामान्य सर्दी-खांसी समझ लेते हैं, लेकिन लगातार खांसी कभी-कभी तपेदिक (टीबी) का शुरुआती संकेत हो सकती है।

तपेदिक मुख्य रूप से फेफड़ों को प्रभावित करता है और संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से हवा के माध्यम से फैलता है। लंबे समय तक खांसी के अलावा इसके अन्य लक्षणों में हल्का बुखार (खासतौर पर शाम के समय), बिना कारण वजन घटना, थकान, भूख कम लगना और रात में पसीना आना शामिल हैं। चूंकि ये लक्षण धीरे-धीरे विकसित होते हैं, इसलिए कई लोग समय पर डॉक्टर से सलाह लेने में देरी कर देते हैं।

समय पर जांच और निदान न केवल प्रभावी इलाज के लिए जरूरी है, बल्कि परिवार और समुदाय में संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए भी महत्वपूर्ण है। आज टीबी की पहचान सरल जांचों जैसे बलगम की जांच, छाती का एक्स-रे और मॉलेक्यूलर डायग्नोस्टिक टेस्ट् के माध्यम से की जा सकती है।

अच्छी बात यह है कि तपेदिक पूरी तरह से रोकी जा सकती है और इसका इलाज संभव है। समय पर पहचान और डॉक्टर की निगरानी में सही दवाइयों का पूरा कोर्स लेने से अधिकांश मरीज पूरी तरह ठीक हो जाते हैं। हालांकि, दवा को बीच में बंद करना खतरनाक हो सकता है, क्योंकि इससे दवा प्रतिरोधी टीबी (ड्रग रेसिस्टेंट टीबी) होने का खतरा बढ़ जाता है, जिसका इलाज अधिक कठिन होता है।

तपेदिक के खिलाफ लड़ाई में जन-जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है। यदि खांसी दो हफ्तों से अधिक समय तक बनी रहती है या इसके साथ बुखार, वजन घटना या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना जीवन बचाने वाला साबित हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!