Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी
Uncategorized

एक्सएलआरआइ में वर्किंग प्रोफेशनल के लिए ब्लेंडेड पीजीडीएम कोर्स में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू

महिला, एससी-एसटी, दिव्यांग और पूर्वोत्तर के राज्यों के उम्मीदवारों को फीस में 1 लाख की मिलेगी रियायत

एक्सएलआरआइ में वर्किंग प्रोफेशनल के लिए ब्लेंडेड पीजीडीएम कोर्स में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू

महिला, एससी-एसटी, दिव्यांग और पूर्वोत्तर के राज्यों के उम्मीदवारों को फीस में 1 लाख की मिलेगी रियायत

देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थानों में शामिल एक्सएलआरआइ- जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट जमशेदपुर ने वर्किंग प्रोफेशनल के लिए अपने ब्लेंडेड पीजीडीएम कार्यक्रमों में वर्ष 2026–28 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है. संस्थान द्वारा बिजनेस मैनेजमेंट, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट और फाइनेंस के तीन अलग-अलग ब्लेंडेड पीजीडीएम कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं, जिन्हें विशेष रूप से उन कामकाजी लोगों के लिए तैयार किया गया है, जो अपनी नौकरी जारी रखते हुए उच्च स्तरीय प्रबंधन शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं

संस्थान की ओर से जारी जानकारी के अनुसार यह कार्यक्रम दो वर्ष की अवधि का होगा और इसमें कुल छह टर्म होंगे. पढ़ाई का स्वरूप लाइव ऑनलाइन कक्षाओं और कैंपस इमर्शन मॉड्यूल का मिश्रण होगा. उक्त कोर्स में क्लास सप्ताह के कार्यदिवसों की शाम और सप्ताहांत में आयोजित की जाएंगी, जबकि पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को चार बार एक-एक सप्ताह के लिए एक्सएलआरआइ जमशेदपुर परिसर में कैंपस इमर्शन का अवसर मिलेगा. पहला कैंपस इमर्शन 20 से 25 जुलाई 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा.

संस्थान के एसोसिएट डीन प्रोफेसर गिरीधर रामचंद्रन ने कहा कि ब्लेंडेड लर्निंग पहल के माध्यम से एक्सएलआरआइ अपने मूल मूल्यों शैक्षणिक गुणवत्ता, नैतिकता और प्रासंगिकता को डिजिटल युग तक विस्तारित कर रहा है. उन्होंने कहा कि भले ही विद्यार्थी देश-विदेश के विभिन्न स्थानों से पढ़ाई करेंगे, लेकिन उनकी सीखने की प्रक्रिया पूरी तरह इमर्सिव और अकादमिक रूप से मजबूत होगी.

तीनों कार्यक्रमों को अलग-अलग पेशेवर आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. ब्लेंडेड पीजीडीएम : ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट कार्यक्रम एचआर पेशेवरों को ऑपरेशनल स्तर से रणनीतिक नेतृत्व की भूमिका तक पहुंचाने के लिए डिजाइन किया गया है. इसमें एचआर रणनीति, पीपल एनालिटिक्स, टैलेंट मैनेजमेंट, कॉम्पनसेशन एवं रिवार्ड्स, ऑर्गनाइजेशनल डेवलपमेंट और लेबर लॉ जैसे विषय शामिल हैं.

वहीं ब्लेंडेड पीजीडीएम : फाइनेंस कार्यक्रम वित्त क्षेत्र के पेशेवरों को रणनीतिक वित्तीय नेतृत्व के लिए तैयार करेगा. इसके पाठ्यक्रम में कॉरपोरेट फाइनेंस, इक्विटी वैल्यूएशन, फिनटेक, डेटा साइंस, इन्वेस्टमेंट बैंकिंग, रिस्क मैनेजमेंट और सस्टेनेबिलिटी फाइनेंस जैसे विषय शामिल हैं. यह पाठ्यक्रम सीएफए कार्यक्रम के लगभग 70 प्रतिशत सिलेबस के अनुरूप भी तैयार किया गया है.

तीसरा कार्यक्रम ब्लेंडेड पीजीडीएम : बिजनेस मैनेजमेंट विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत पेशेवरों को क्रॉस-फंक्शनल लीडरशिप विकसित करने का अवसर देगा. इसमें मार्केटिंग, फाइनेंस, ऑपरेशंस, एचआर, स्ट्रैटेजी और मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम्स जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे, जबकि दूसरे वर्ष में विभिन्न स्पेशलाइजेशन चुनने का विकल्प मिलेगा.

इन कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक डिग्री और तीन वर्ष का कार्य अनुभव होना आवश्यक है. चयन प्रक्रिया दो चरणो शॉर्टलिस्टिंग और पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर होगी. आवेदन रोलिंग बेसिस पर स्वीकार किए जा रहे हैं.

संस्थान प्रबंधन की ओर से बताया गया कि आवेदन शुल्क एक कार्यक्रम के लिए 2000 रुपये और प्रत्येक अतिरिक्त कार्यक्रम के लिए 500 रुपये रखा गया है. साथ ही महिला, एससी/एसटी, दिव्यांग और पूर्वोत्तर राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए एक लाख रुपये तक की फीस छूट का प्रावधान भी किया गया है. इसके अलावा कॉरपोरेट स्पॉन्सरशिप और शैक्षणिक उत्कृष्टता के आधार पर छात्रवृत्ति भी उपलब्ध कराई जाएगी.

उल्लेखनीय है कि 1949 में स्थापित एक्सएलआरआई देश का पहला बिजनेस स्कूल माना जाता है और पिछले 75 वर्षों से यह उद्योग, वित्त और प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए नेतृत्व तैयार करता रहा है. ब्लेंडेड लर्निंग कार्यक्रम के माध्यम से संस्थान अब कार्यरत पेशेवरों को बिना करियर ब्रेक लिए उन्नत प्रबंधन शिक्षा प्रदान करने का अवसर दे रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!